Summer Workout Tips: आजकल फिटनेस का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। हर उम्र के लोग खुद को फिट रखने के लिए जिम में घंटों पसीना बहा रहे हैं। लेकिन गर्मियों के मौसम में जरूरत से ज्यादा वर्कआउट करना शरीर पर भारी पड़ सकता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, तेज गर्मी में भारी एक्सरसाइज और गलत जिम रूटीन हार्ट पर बुरा असर डाल सकते हैं। यही वजह है कि इन दिनों हार्ट अटैक, लो ब्लड प्रेशर, चक्कर आना और अचानक बेहोशी के मामलों में तेजी देखी जा रही है।
डॉक्टरों का कहना है कि अगर वर्कआउट के दौरान या बाद में सांस फूलने लगे, सीने में दर्द महसूस हो, कमजोरी आए या चक्कर आने लगे, तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये शरीर के खतरे के संकेत हो सकते हैं।
जरूरत से ज्यादा कार्डियो पड़ सकता है भारी
गर्मी के मौसम में लंबे समय तक ट्रेडमिल, रनिंग या हाई-इंटेंसिटी कार्डियो करने से शरीर का तापमान तेजी से बढ़ जाता है। इससे दिल को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और हार्ट रेट असामान्य रूप से बढ़ सकती है। लगातार ओवरवर्कआउट करने से हार्ट अटैक का खतरा भी बढ़ सकता है, खासकर उन लोगों में जिन्हें पहले से बीपी या दिल से जुड़ी समस्या हो।
पानी की कमी से बढ़ता है खतरा
गर्मियों में शरीर से ज्यादा पसीना निकलता है, जिससे पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स तेजी से कम होने लगते हैं। अगर जिम के दौरान पर्याप्त पानी न पिया जाए तो डिहाइड्रेशन हो सकता है। इसका सीधा असर ब्लड सर्कुलेशन पर पड़ता है और दिल पर अतिरिक्त दबाव बढ़ जाता है।
खाली पेट जिम जाना हो सकता है नुकसानदायक
कई लोग तेजी से वजन कम करने के चक्कर में बिना कुछ खाए जिम पहुंच जाते हैं। लेकिन खाली पेट भारी एक्सरसाइज करने से शरीर में एनर्जी की कमी हो जाती है। इससे चक्कर आना, कमजोरी और लो ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं हो सकती हैं। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि इसका असर हार्ट की कार्यक्षमता पर भी पड़ सकता है।
वार्मअप छोड़ना बन सकता है बड़ी गलती
सीधे भारी वजन उठाना या तेज एक्सरसाइज शुरू करना दिल और मांसपेशियों दोनों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। वार्मअप न करने से शरीर अचानक स्ट्रेस में आ जाता है, जिससे हार्ट बीट तेजी से बढ़ सकती है। इसलिए एक्सरसाइज शुरू करने से पहले कम से कम 10 मिनट का वार्मअप जरूरी माना जाता है।
ज्यादा सप्लीमेंट्स लेना भी खतरनाक
जल्दी बॉडी बनाने के चक्कर में कई लोग जरूरत से ज्यादा प्रोटीन पाउडर, प्री-वर्कआउट ड्रिंक और सप्लीमेंट्स लेने लगते हैं। इनमें मौजूद ज्यादा कैफीन और स्टिमुलेंट्स दिल की धड़कन को तेज कर सकते हैं। गर्मियों में इसका असर और ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है।
कैसे रखें खुद को सुरक्षित?
- वर्कआउट के दौरान पर्याप्त पानी पिएं
- सुबह या शाम के समय ही जिम करें
- जरूरत से ज्यादा कार्डियो से बचें
- खाली पेट एक्सरसाइज न करें
- डॉक्टर या ट्रेनर की सलाह से ही सप्लीमेंट्स लें
- शरीर में कमजोरी महसूस हो तो तुरंत आराम करें


