Banana Storage Tips: केला एक ऐसा फल है जिसे बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक खाना पसंद करते हैं। इंस्टेंट एनर्जी देने वाला यह फल स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। लेकिन अक्सर लोग इस बात से परेशान रहते हैं कि बाजार से खरीदकर लाए गए केले सिर्फ 1-2 दिन में ही काले पड़ने लगते हैं या खराब हो जाते हैं।
अगर आप भी बार-बार इस समस्या का सामना कर रहे हैं, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान घरेलू ट्रिक्स अपनाकर आप केलों को लंबे समय तक फ्रेश और खाने लायक बनाए रख सकते हैं।
प्लास्टिक बैग में भूलकर भी न रखें केले
अक्सर लोग बाजार से केले खरीदकर उसी प्लास्टिक बैग में घर पर रख देते हैं। यही सबसे बड़ी गलती साबित होती है। प्लास्टिक बैग के अंदर गर्मी और नमी बढ़ जाती है, जिससे केले तेजी से पकने और सड़ने लगते हैं।
ऐसे में केले को घर लाने के बाद तुरंत बैग से निकालकर खुले स्थान पर रखें। हवा लगने से केले लंबे समय तक ताजे बने रहते हैं।
केले के डंठल को जरूर करें कवर
बहुत कम लोग जानते हैं कि केले सबसे पहले अपने डंठल वाले हिस्से से पकना शुरू करते हैं। ऐसे में अगर आप केले को लंबे समय तक फ्रेश रखना चाहते हैं, तो उनके डंठल को एल्युमिनियम फॉयल या प्लास्टिक रैप से कवर कर दें।
इससे गैस का असर कम होता है और केले जल्दी नहीं पकते। यह बेहद आसान लेकिन असरदार तरीका माना जाता है।
फ्रिज में रखने का सही तरीका जान लें
कई लोगों को लगता है कि फ्रिज में रखने से केले खराब हो जाते हैं, लेकिन ऐसा पूरी तरह सही नहीं है। अगर केले ज्यादा पक चुके हैं, तो उन्हें फ्रिज में रखा जा सकता है।
हालांकि फ्रिज में रखने के बाद केले का छिलका काला पड़ सकता है, लेकिन अंदर का फल लंबे समय तक सुरक्षित और खाने लायक रहता है। ध्यान रखें कि कच्चे केले को कभी फ्रिज में न रखें, क्योंकि इससे उनका पकना रुक जाता है।
दूसरे फलों से दूर रखें केले
अगर आप चाहते हैं कि केले जल्दी खराब न हों, तो उन्हें सेब, आम और पपीते जैसे फलों से दूर रखें। ये फल एथिलीन गैस छोड़ते हैं, जिससे केले तेजी से पकने लगते हैं। केलों को हमेशा अलग टोकरी या खुले स्टैंड में रखना बेहतर माना जाता है। इससे वे धीरे-धीरे पकते हैं और ज्यादा दिनों तक फ्रेश बने रहते हैं।


