Fake Turmeric Identification: भारतीय रसोई में हल्दी का इस्तेमाल सिर्फ मसाले के तौर पर नहीं, बल्कि स्वाद, रंग और औषधीय गुणों के लिए भी किया जाता है। दाल, सब्जी और कई घरेलू नुस्खों में हल्दी अहम भूमिका निभाती है। आयुर्वेद में भी इसे लंबे समय से प्राकृतिक औषधि माना गया है। लेकिन आजकल बाजार में मिल रही हल्दी की शुद्धता को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
हाल ही में मध्य प्रदेश में ऐसे मामले सामने आए, जहां शादी समारोह में हल्दी लगाने के बाद दूल्हा-दुल्हन समेत कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद मिलावटी हल्दी को लेकर चिंता और बढ़ गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार में कई जगह हल्दी में केमिकल और कृत्रिम रंग मिलाए जा रहे हैं, जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।
हल्दी में कैसे की जाती है मिलावट?
हल्दी को ज्यादा चमकदार और आकर्षक दिखाने के लिए कई बार उसमें मेटानिल येलो और लेड क्रोमेट जैसे कृत्रिम रंग मिलाए जाते हैं। कुछ मामलों में चॉक पाउडर, घटिया क्वालिटी की हल्दी या अन्य सस्ते पदार्थ भी मिला दिए जाते हैं। यही कारण है कि सिर्फ चमकीला रंग देखकर हल्दी खरीदना सही नहीं माना जाता।
घर पर ऐसे करें असली-नकली हल्दी की पहचान
पानी वाला टेस्ट
- हल्दी की शुद्धता जांचने का सबसे आसान तरीका वॉटर टेस्ट माना जाता है। इसके लिए एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच हल्दी डालें और कुछ मिनट तक छोड़ दें।
- अगर हल्दी नीचे बैठ जाए और पानी हल्का पीला दिखाई दे, तो हल्दी शुद्ध हो सकती है।
- लेकिन यदि पानी का रंग बहुत ज्यादा गहरा हो जाए या हल्दी पूरी तरह घुलने लगे, तो यह मिलावट का संकेत माना जा सकता है।
हथेली टेस्ट से भी कर सकते हैं जांच
हल्दी की पहचान के लिए हथेली टेस्ट भी काफी आसान माना जाता है।
- एक चुटकी हल्दी हथेली पर रखें।
- फिर अंगूठे से 10-20 सेकंड तक रगड़ें।
- असली हल्दी हल्का पीला दाग छोड़ती है।
- वहीं ज्यादा मिलावटी हल्दी अलग तरह का रंग छोड़ सकती है या जल्दी फीकी पड़ जाती है।
मिलावटी हल्दी से क्या हो सकते हैं नुकसान?
विशेषज्ञों के अनुसार मेटानिल येलो जैसे केमिकल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। इनके सेवन से पेट दर्द, फूड पॉइजनिंग, मतली, अपच और अन्य पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
कुछ लैब टेस्ट में हल्दी में हाइड्रोक्लोरिक एसिड मिलाकर उसकी जांच की जाती है। अगर मिश्रण गुलाबी रंग में बदल जाए, तो यह मेटानिल येलो की मौजूदगी का संकेत हो सकता है।
चॉक पाउडर की मिलावट ऐसे पहचानें
हल्दी में चॉक पाउडर की मिलावट जांचने के लिए उसमें पानी और कुछ बूंदें हाइड्रोक्लोरिक एसिड मिलाया जाता है। यदि उसमें बुलबुले बनने लगें, तो यह चॉक पाउडर होने का संकेत माना जाता है।
हल्दी खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान?
- हमेशा भरोसेमंद ब्रांड की हल्दी खरीदें।
- बहुत ज्यादा चमकीले रंग वाली हल्दी से सावधान रहें।
- पैकिंग और गुणवत्ता की जांच जरूर करें।
- समय-समय पर घर पर हल्दी की शुद्धता जांचते रहें।


