Ebola Virus Alert: WHO ने घोषित की ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी, 80 से ज्यादा मौतों के बाद दुनिया में बढ़ी चिंता

Ebola Virus Alert: दुनियाभर में एक बार फिर खतरनाक वायरस को लेकर चिंता बढ़ गई है। अफ्रीका में तेजी से फैल रहे इबोला वायरस (Ebola Virus) के मामलों को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे “Public Health Emergency of International Concern (PHEIC)” यानी ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दिया है। अफ्रीका के कांगो और युगांडा में अब तक 300 से अधिक संदिग्ध मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

WHO के मुताबिक यह संक्रमण “Bundibugyo strain” नामक दुर्लभ इबोला वायरस से जुड़ा है, जिसके लिए अभी तक कोई स्वीकृत वैक्सीन या विशेष इलाज उपलब्ध नहीं है। यही वजह है कि वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है।

आखिर क्या है Ebola Virus?

इबोला वायरस एक बेहद गंभीर और जानलेवा वायरल बीमारी है। यह संक्रमित व्यक्ति के खून, शरीर के तरल पदार्थ या संक्रमित जानवरों के संपर्क में आने से फैलता है। यह वायरस हवा के जरिए नहीं फैलता, लेकिन संक्रमित व्यक्ति के बेहद नजदीकी संपर्क से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।

महामारी विशेषज्ञों के मुताबिक, इस वायरस की मृत्यु दर काफी अधिक होती है और समय पर इलाज नहीं मिलने पर मरीज की हालत तेजी से बिगड़ सकती है।

WHO ने Global Health Emergency क्यों घोषित की?

WHO का कहना है कि कांगो और युगांडा में संक्रमण तेजी से फैल रहा है और सीमा पार संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। अंतरराष्ट्रीय यात्रा और सीमाओं के बीच बढ़ती आवाजाही के कारण यह वायरस दूसरे देशों तक भी पहुंच सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि अगर संक्रमित मरीजों को समय रहते आइसोलेट नहीं किया गया तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। यही कारण है कि WHO ने दुनिया के सभी देशों को अलर्ट रहने की सलाह दी है।

क्या Ebola कोरोना जितना खतरनाक है?

महामारी विशेषज्ञ डॉ. जुगल किशोर के अनुसार, इबोला वायरस कोरोना की तरह हवा या सांस के जरिए नहीं फैलता। इसके लिए संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आना जरूरी होता है। इसलिए इसके मामले कोविड-19 की तरह तेजी से बढ़ने की संभावना कम है।

हालांकि इबोला की मृत्यु दर कोविड से कहीं ज्यादा मानी जाती है। ऐसे में स्वास्थ्य एजेंसियां सतर्कता बरतने और एयरपोर्ट स्क्रीनिंग, संक्रमित देशों से आने वाले यात्रियों की निगरानी जैसे कदम उठाने की सलाह दे रही हैं।

आने वाले दिनों में बढ़ सकते हैं केस?

विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल अफ्रीका में कुछ और मामले सामने आ सकते हैं, लेकिन यह जरूरी नहीं कि संक्रमण कोरोना जैसी महामारी का रूप ले ले। WHO ने सभी देशों को अपनी गाइडलाइंस का पालन करने और निगरानी बढ़ाने की सलाह दी है।

Ebola Virus के प्रमुख लक्षण

  • तेज बुखार
  • गले में खराश
  • सिर दर्द
  • शरीर में कमजोरी
  • मांसपेशियों में दर्द
  • उल्टी और ब्लीडिंग (गंभीर मामलों में)

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top