Pickle Storage Tips: अब सालों तक नहीं होगा अचार खराब! गर्मी-बारिश में भी रहेगा फ्रेश—बस अपनाएं ये देसी ट्रिक्स

Pickle Storage Tips: भारत में हर मौसम के साथ अचार बनाने की परंपरा जुड़ी है। गर्मियों में आम और कटहल, तो सर्दियों में गाजर, मूली, आंवला और कच्चा पपीता जैसे अचार खूब बनाए जाते हैं। मसालों से भरपूर ये अचार न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाते हैं, बल्कि इनमें मौजूद प्रोबायोटिक गुण पाचन को भी दुरुस्त रखते हैं।

लेकिन अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि उनका अचार जल्दी खराब हो जाता है या उसमें फफूंद लग जाती है, खासकर गर्मी और बारिश के मौसम में। ऐसे में जरूरी है सही तरीके अपनाना, जिससे अचार सालों तक ताजा बना रहे।

भारत में अचार की विविधता, हर राज्य का अलग स्वाद

देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग तरह के अचार बनाए जाते हैं। कहीं बांस का अचार, तो कहीं गोंगुरा के पत्तों से बना अचार पसंद किया जाता है। कमल ककड़ी, केर-सांगरी, लिंगुड़ा और यहां तक कि झींगा जैसे नॉनवेज अचार भी कई जगहों पर खास माने जाते हैं। इतनी विविधता के बावजूद एक समस्या आम है—अचार को लंबे समय तक सुरक्षित कैसे रखा जाए।

नमी बनी सबसे बड़ी दुश्मन, यहां हुई गलती तो अचार गया खराब

अचार की लंबी शेल्फ लाइफ का सबसे पहला नियम है—नमी से पूरी तरह बचाव। जिस बर्तन में अचार रखा जाए, वह पूरी तरह सूखा होना चाहिए। अचार निकालने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली चम्मच भी गीली नहीं होनी चाहिए। जहां अचार रखा जाए, वह जगह भी सीलन रहित होनी चाहिए, वरना फफूंद लगने का खतरा तेजी से बढ़ जाता है।

सही बर्तन का चुनाव ही असली गेमचेंजर

पुराने समय में दादी-नानी मिट्टी या सिरेमिक की बरनी में अचार रखती थीं और इसके पीछे वैज्ञानिक कारण भी है। ये बर्तन नमी को अंदर जाने से रोकते हैं और तापमान को संतुलित रखते हैं। आज के समय में कांच के जार भी अच्छा विकल्प हैं, लेकिन प्लास्टिक के डिब्बों में अचार रखने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे अचार जल्दी खराब हो सकता है और सेहत पर भी असर पड़ता है।

बस ये एक चीज डालें, अचार रहेगा सालों तक सुरक्षित

अगर आप चाहते हैं कि आपका अचार लंबे समय तक खराब न हो, तो उसमें थोड़ा सा सिरका मिलाना बेहद फायदेमंद होता है। वाइट विनेगर एक नेचुरल प्रिजर्वेटिव की तरह काम करता है और फफूंद को पनपने से रोकता है। ध्यान रहे कि इसकी मात्रा सीमित हो—लगभग 1 किलो अचार में 30 से 50 ग्राम सिरका ही पर्याप्त होता है, वरना स्वाद बदल सकता है।

धूप दिखाना है जरूरी, तभी बनेगा परफेक्ट अचार

अचार को बनाने के बाद 3-4 दिन तक तेज धूप दिखाना जरूरी होता है, जिससे वह अच्छी तरह पक जाता है। लेकिन स्टोर करने के बाद भी हर 15 दिन में 1-2 घंटे धूप दिखाना अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करता है।

तेल में डूबा रहेगा तो नहीं होगा खराब

भारत में ज्यादातर अचार तेल वाले होते हैं। ऐसे में यह ध्यान रखना जरूरी है कि अचार पूरी तरह तेल में डूबा रहे। इससे हवा का संपर्क कम होता है और खराब होने की संभावना घट जाती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top